बागपत। नगर पालिका बागपत में आउटसोर्स कर्मियों से जुड़ी फाइल जांच कमेटी को उपलब्ध न कराने पर एक लिपिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी है। अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना ने लिपिक महेश शर्मा को सोमवार तक फाइल जमा करने का अंतिम अवसर दिया है। यदि फाइल जमा नहीं की जाती है तो उनके खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
नगर पालिका बागपत में आउटसोर्स पर कार्यरत कर्मियों के संबंध में एक जांच चल रही है। इस जांच के लिए वरिष्ठ कोषाधिकारी मनीष कुमार को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। मनीष कुमार ने अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना को फाइल उपलब्ध कराने के लिए पांच बार पत्र लिखा था। अधिशासी अधिकारी भड़ाना ने इसके बाद लिपिक महेश शर्मा को 27 अप्रैल को फाइल देने का निर्देश दिया था। हालांकि महेश शर्मा ने अभी तक यह फाइल उपलब्ध नहीं कराई है। अधिशासी अधिकारी का कहना है कि संबंधित फाइल महेश शर्मा के पास ही है। बार-बार कहने के बावजूद वह फाइल नहीं दे रहे हैं। इसी कारण उन्हें सोमवार तक का अंतिम समय दिया गया है।