- छपरौली विधायक ने विपक्ष में रहते हुए उठाया था सवाल
-प्रशासन ने जमीन की तलाश के लिए अब जारी किया पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले के हर ब्लॉक में अब एक-एक खेल मैदान बनाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने जमीन की तलाश शुरू कर दी है। सीडीओ ने सभी एसडीएम को पत्र लिखकर जमीन तलाश करने के बाद शीघ्र ही रिपोर्ट देने के लिए कहा है ताकि शासन को रिपोर्ट भेजी जा सके।
छपरौली विधायक डॉ़ अजय कुमार ने विपक्ष में रहते हुए खेल स्टेडियम का निर्माण कराने का मुद्द उठाया था। इसके बाद युवा कल्याण विभाग के महानिदेशक ने बागपत डीएम को पत्र भेजकर सभी ब्लॉक में एक-एक स्टेडियम बनाने के निर्देश दिए थे। इसमें सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव ने सभी एसडीएम को पत्र लिखकर कहा कि ब्लॉकों में स्टेडियम के लिए जमीन चिह्नित की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्टेडियम में तीन से पांच एकड़ भूमि हो ताकि वहां मल्टीपरपज हॉल का निर्माण, 200 मीटर का रनिंग एथलेटिक ट्रेक का निर्माण हो सके। इसके साथ ही जमीन ऐसी जगह होनी चाहिए, जहां स्कूल, काॅलेज हों, खेल मैदान तक जाने के लिए आवागमन का रास्ता होना चाहिए। इसके अलावा जमीन में जलभराव की समस्या न हो। यदि पानी निकासी का रास्ता नहीं है तो ऐसी जमीन को चिह्नित न किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी जमीन को खेल योग्य बनाने के लिए मिट्टी भराव से समतल भी किया जा सकता है। उन्होंने सभी एसडीएम को जल्द ही रिपोर्ट देने के लिए कहा है ताकि शासन को रिपोर्ट भेजी जा सके। उनके पत्र के बाद सभी छह ब्लॉक में जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है।