छपरौली। गांव शबगा के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में खेली जा रही तीन दिवसीय राष्ट्रीय बास्केटबाल प्रतियोगिता शबगा ए टीम ने जीत ली। इसके फाइनल मैच में रोमांचित करने वाले एक घंटे के मुकाबले में हर पांच मिनट बाद दोनों टीमों के अंक बराबर होते रहे और अंत में शबगा ए टीम ने मैच जीता। इस दौरान विनोद कुमार पंवार (आईएएस रिटायर) ने ट्रॉफी और पुरस्कार देकर विजेता और उप विजेता टीम को सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन सोमवार को सेमीफाइनल का पहला मैच शामली और शबगा बी टीम के मध्य खेला गया। इसमें शामली ने 52 और शबगा बी टीम ने 29 अंक लिए, इसमें शामली की टीम 23 अंक से मैच जीत लिया और शामली की टीम फाइनल में पहुंची।
इसमें दूसरा मैच शबगा ए टीम और मेरठ की टीम के बीच खेला गया। इसमें शबगा ए टीम ने 62 और मेरठ की टीम ने 59 अंक लिए और मैच शबगा ए टीम ने 3 अंक से जीत लिया और यह टीम भी फाइनल में पहुंच गई। इस प्रतियोगिता फाइनल मैच रोमांचित करने वाला रहा।
एक घंटा चले इस मैच में हर पांच मिनट बाद दोनों टीमों का स्कोर बराबर होता रहा। दोनों की टीमों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अंत में शामली की टीम 89 अंक और शबगा ए की टीम ने 93 अंक हुए। इसमें शबगा ए की टीम ने मैच जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
विजेता टीम के सदस्य कप्तान आकाश, प्रियांशु, अक्षय, पंकज, निखिल, मुकुल, पारस और प्रतीक, कोच अशोक पंवार रहे। प्रतियोगिता में शामली की टीम के राहुल पंवार को बेस्ट प्लेयर के खिताब से नवाजा गया। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि गांव शबगा निवासी विनोद कुमार पंवार (आईएएस रिटायर) ने विजेता टीम को टॉफी के साथ 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और दूसरे स्थान पर रही शामली की टीम को टॉफी और 71 सौ रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रधानाचार्य ने अतिथियों और टीमों का स्वागत कर आभार जताया। इसके आयोजन में कॉलेज प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, मैनेजर धर्मेंद्र पंवार, कोषाध्यक्ष युद्धवीर सिंह, किरन पाल, मंच संचालक शिवकुमार आर्य, हरेंद्र पवार आदि सहयोग रहा।