दाेघट(बागपत)। झुंडपुर गांव में खेत में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से कटीले तारों में करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में आने से चारा काट रहे किसान हरेंद्र (50) की मौत हो गई। वहीं महिलाओं समेत चार बाल-बाल बच गए। किसानों के काफी देर तक बिजलीघर पर फोन करने के बाद आपूर्ति बंद की गई। वहीं गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा कर शव नहीं उठने दिया। ऊर्जा निगम के अफसरों ने पांच लाख रुपये मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर शांत कराया।
झुंडपुर गांव निवासी डाककर्मी अभिषेक ने बताया कि उसके पिता हरेंद्र और मां रीता रविवार सुबह खेत में पशुओं के लिए चारा लेने गए थे। वहां पर चारा काटते समय विद्युत ट्रांसफार्मर से जुड़ी हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर खेत के चारों तरफ पशुओं से फसल बचाने को लगे कंटीले तारों पर गिर गया। इससे तारों में करंट दौड़ गया। डाककर्मी की मां ने कटीले तारों में चिंगारी उठती देखी तो तार टूटने का शोर मचा दिया, तभी उसके पिता हरेंद्र भागकर खेत से बाहर निकलने लगे। जैसे ही उन्होंने कटीले तार को हटाकर बाहर निकलने का प्रयास किया तो करंट लगने से झुलस गए।
गैडबरा बिजलीघर पर अन्य किसानों ने काफी देर तक फोन किया तो आपूर्ति बंद की गई। हरेंद्र को अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन थोड़ी दूर जाते ही मौत हो गई। मां रीता, वीरकुमार और दो महिलाएं भी चपेट में आने से बाल-बाल बच गईं। अभिषेक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। वहां आए पुलिसकर्मियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए शव नहीं उठाने दिया और ऊर्जा निगम के अफसरों को बुलाने की मांग पर अड़ गए।
इसको लेकर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। वहां आए ऊर्जा निगम के एसडीओ द्वितीय निर्भय प्रताप सिंह ने मृतक के परिवार को एक माह में पांच लाख रुपये मुआवजा दिलाने और तार बदलवाने का आश्वासन दिया। उधर, मृतक के बेटे अभिषेक ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-ग्रामीण फोन करते रहे, तारों में करंट दौड़ता रहा
खेत में तार टूटने पर करंट लगने से किसान की मौत होने पर ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों ने गैड़बरा बिजलीघर पर फोन कर आपूर्ति बंद कराने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आधा घंटे तक हाईटेंशन लाइन के तार और कटीले तारों में करंट दौड़ने से चिंगारी उठती रही। उन्होंने बिजलीघर पर कर्मियों पर लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया। मा. आनंद छिल्लर, देशपाल, हारुन चौधरी, योगेश कुमार, डा. कृष्णपाल, कर्णपाल, प्रधान वेदपाल सिंह, योगेश कुमार, मुस्तकीम समेत अन्य ने लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की।