सहारनपुर। सीएम ग्रिड योजना के तहत स्मार्ट रोड बना रही कंपनी के प्रोजेक्ट इंचार्ज ने भाजपा पार्षद पर अवैध वसूली, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। इस मामले में थाना सदर बाजार पुलिस ने पार्षद पर केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, सीएम ग्रिड योजना के तहत कलक्ट्रेट से हकीकतनगर तिराहा, आईएमए भवन, सदर कोतवाली को होते हुए दीवानी तिराहे तक स्मार्ट रोड बनाई जानी है। इस पर अभी काम चल रहा है। डीएवी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट इंचार्ज श्याम चौधरी ने थाना सदर बाजार में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पार्षद और उसके कुछ साथी बार-बार प्रोजेक्ट साइट पर आकर इंजीनियरों और मजदूरों से मारपीट कर रहे हैं।
सरकारी प्रोजेक्ट में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। रुपये नहीं देने पर सबके साथ मारपीट करने की धमकी दी जा रही है। इससे स्मार्ट रोड बनाने का काम कर रहे मजदूरों में भय का माहौल है। इससे प्रोजेक्ट की प्रगति रुक रही है। प्रोजेक्ट इंचार्ज ने पुलिस को साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं। बार-बार घटनाएं होने से वित्तीय नुकसान झेलना पड़ रहा है।
उन्होंने पुलिस से सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि परियोजना का काम समय से पूरा किया जा सके। पुलिस ने अवैध वसूली, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने पर भाजपा पार्षद अमित त्यागी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।