बागपत। सोनीपत के बहालगढ़ स्थित प्लांट में बुधवार रात जलती हुई अंगीठी कार में रखकर सोए ईंट प्लांट मालिक शाहरुख (25) निवासी निवाड़ा की दम घुटने से मौत हो गई, जो बृहस्पतिवार सुबह कार में मृत पड़ा मिला। वहां काम करने वाले मजदूरों ने वीडियो बनाते हुए कार का शीशा तोड़ा और परिवार वालों को घटना की जानकारी दी।
निवाड़ा गांव निवासी शाहरुख का सोनीपत जिले के बहालगढ़ में इंटरलॉकिंग ईंट बनाने का प्लांट है। प्रधान हसरत ने बताया कि बुधवार शाम शाहरुख बहालगढ़ स्थित प्लांट पर चले गए। रात करीब 11 बजे शाहरुख ने अंगीठी उठाकर कार के अंदर सीट पर रखकर शीशे बंद कर लिए और वह कार के अंदर ही सो गए। सुबह करीब सात बजे प्लांट पर काम करने वाले मजदूर नींद से जागे और उन्होंने शाहरुख को आवाज लगाई, लेकिन शाहरुख नहीं जागे।
खिड़की खोलने का प्रयास किया तो कार भी अंदर से लॉक मिली। कार हिलाने के बाद भी शाहरुख में कोई हलचल नहीं होने पर मजदूरों ने मोबाइल से वीडियो बनाते हुए कार का शीशा तोड़ा तो शाहरुख अंदर मृत पड़े हुए मिले। मजदूरों ने परिजनों को वीडियो भेजकर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद सोनीपत पुलिस को घटना की जानकारी दिए बिना ही परिवार वाले शव गांव ले आए और उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
-शीशा टूटते ही कार से बाहर आई गानों की आवाज
शाहरुख की कार का शीशा तोड़ने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। बताया कि कार का शीशा टूटने के बाद ही पता चला कि कार में अंदर गाने भी बज रहे थे, उससे पहले बाहर गानों की आवाज भी नहीं आ रही थी। शाहरुख पांच भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है।
-बंद जगहों पर अंगीठी न जलाएं : डॉ. विभाष
डिप्टी सीएमओ डॉ. विभाष राजपूत ने बताया कि बंद जगहों पर अंगीठी का प्रयोग काफी हानिकारक साबित हो रहा है, जो ठीक नहीं है। सर्दी के मौसम में कमरों में कोयले की अंगीठी, हीटर जलाने से भी दम घुटने के मामले आते हैं। इसका कारण यह है कि अंगीठी व हीटर से कार्बन मोनोऑक्साइड निकलती है, जो जहरीली होती है। इंसान की सोते हुए ही दम घुटने से मौत हो जाती है। ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत है। सोने से पहले अंगीठी और हीटर को बंद करना चाहिए।