बड़ौत। बकाया गन्ना भुगतान को लेकर सोमवार को छपरौली विधायक ने कई गांवों के किसानों के साथ मलकपुर चीनी मिल की गन्ना समिति कार्यालय पर हंगामा किया। उन्होंने शीघ्र कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
सोमवार को छपरौली के विधायक वीरपाल राठी क्षेत्र के बिजरौल, बामनौली, वाजिदुपर, टीकरी, पुसार दोघट, रंछाड, सिरसली, बिनौली, मलकपुर, बावली, ढिकाना आदि गांवों के किसानों के साथ मलकपुर चीनी मिल के गन्ना समिति कार्यालय में पहुंचे और बकाया गन्ना भुगतान को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। विधायक जिस समय कार्यालय में पहुंचे वहां न तो ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक जगतराम मौजूद थे और न ही सचिव ओमप्रकाश। इस कारण विधायक भड़क गए। विधायक वीरपाल राठी ने कहा क्षेत्र की चीनी मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपये बकाया हैं, इस कारण क्षेत्र का किसान परेशान हैं।
इस दौरान विधायक ने कार्यालय में मौजूद आपरेटर से किस तारीख तक किसानों का पेमेंट बैंक खातों में पहुंचा की जानकारी मांगी। समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर उन्होंने उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। विधायक वीरपाल राठी ने कहा लोगों की शिकायतें मिलने पर समिति कार्यालय में पहुंचे, लेकिन वहां कोई अधिकारी नहीं मिला। इसकी शिकायत डीएम से होगी। इसमें ऋषि ठेकेदार, सोहनवीर, राज कुमार, संदीप, प्रवेंद्र, आजाद, महिपाल, नरेंद्र, जगदीश, राजेंद्र, सोमपाल आदि रहे।