बागपत। फुटपाथ पर बैठकर फुटकर सामान बेचकर अपनी आजीविका चलाने वाले गरीब दुकानदारों को बाजार दिया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका ने शहर के 221 फुटपाथ फुटकर विक्रेताओं को चिह्नित किया है। ऐसे स्थान पर इनके लिए मार्केट उपलब्ध कराया जाएगा, जहां इनकी आजीविका चलती रहे।
बागपत में अभी तक सब्जी बिक्री तक के लिए कोई निर्धारित मार्केट नहीं हैं। सब्जी की ठेलियां सड़कों पर शौकत मार्केट में दुकानों के आगे ही खड़ी रहती हैं। जिससे बाजार में जाम की स्थिति रहती है। फुटपाथ की बजाय सड़कों पर ही जूते ठीक करने वाले कारीगर और अन्य छोटे-छोटे दुकानदार अपनी आजीविका चला रहे हैं। नगर पालिका द्वारा इनका सर्वे कराया गया। जिसमें ऐसे छोटे-छोटे फुटपाथ वाले दुकानदार 221 पाए गए हैं। नगर पालिका और जिला नगरीय विकास अभिकरण द्वारा ऐसे गरीब दुकानदारों के लिए मार्केट बनवाकर उन्हें दुकानें दी जाएंगी। यह मार्केट ऐसे स्थान पर बनवाई जाएगी, जहां पर आम आदमी आसानी से पहुंच सके। जिससे गरीब दुकानदारों की आजीविका चलती रहे। नगर पालिका बागपत के अधिशासी अभियंता योगेश प्रकाश गुप्ता और जिला नगरीय विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी जगत सिंह का कहना है कि शीघ्र ही नगर पालिका क्षेत्र में भूमि की तलाश कर गरीब दुकानदारों को स्थापित किया जाएगा। जिससे शहर के अतिक्रमण की समस्या तो हल होगी ही, गरीब दुकानदारों को भी ठिकाना मिल जाएगा।