रमाला (बागपत)। सहकारी समिति, रमाला ने भैसाना मिल की डबल पर्चियां जारी कर दी। जांच में यह मामला पकड़ा गया। मिल ने किसानों को बांड बंद कर दिए हैं, इससे किसानों के सामने मुश्किल खड़ी हो गई है। मिल अधिकारियों ने कहा मामले की जांच की जा रही है।
दोघट, मौजिजाबाद नांगल, गांगनौली आदि गांवों के सैकड़ों किसानों के बांड पर रमाला सहकारी समिति ने डबल पर्चियां जारी कर दी। इन पर्चियों पर किसानों ने गन्ने का तौल भी कर दिया। जब इसकी जानकारी भैसाना गन्ना मिल अधिकारियों को लगी तो इसकी शिकायत रमाला समिति में की। इसमें रमाला समिति द्वारा ऐसे सैकड़ों किसानों के पर्ची बांड बंद कराए। किसान राजेंद्र, प्रेम, वीरसैन, जितेंद्र, बेगराज, विकास आदि ने बताया कि उनके बांड बंद कर दिए। सीसीओ रमाला विनय प्रताप सिंह ने बताया कि किसानों ने समिति पर शिकायत की कि उनकी पर्ची खो गई है। इस पर समिति ने किसान को दूसरी पर्ची जारी कर दी। किसान ने दोनों पर्चियों पर गन्ना तौल दिया है, जो नियम विरुद्ध है। प्रकरण की जांच चल रही हैं।