बागपत। गेटवे क्रिकेट अकादमी के मैदान पर डीएम इलेवन और पत्रकार एकादश के बीच सद्भावना मैच खेला गया। पत्रकार एकादश ने आखिरी गेंद पर एक रन से मुकाबला जीत लिया। डीएम ऋषिरेंद्र कुमार, एसपी शैलेश कुमार पांडेय, सीडीओ पीसी जायसवाल ने विजेता टीम को पुरस्कृत किया।
शनिवार को डीएम इलेवन के कप्तान डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ने टास जीतकर पत्रकार एकादश को बल्लेबाजी का न्योता दिया। पत्रकार एकादश ने 20 ओवर में 121 रन का स्कोर बनाया। कप्तान अमित पंवार 24, कुलदीप निषाद ने 18, निशांत भारद्वाज ने 12 और नितिन कुमार ने 19 रन का योगदान दिया। डीएम इलेवन की ओर से राहुल ने तीन विकेट लिए। बड़ौत एसडीएम आशीष कुमार ने तीन ओवर में दस रन देकर दो विकेट चटकाए। एसपी शैलेष कुमार पाण्डेय ने भी एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएम इलेवन के लिए एसडीएम बागपत विवेक कुमार यादव ने 19, राकेश कुमार ने 10, बड़ौत एसडीएम आशीष कुमार ने 19 रन बनाए। मैच के अंतिम ओवर में छह गेंद पर डीएम इलेवन को 12 रन की आवश्यकता थी। रोमांचक मुकाबले में डीएम इलेवन एक रन से हार गई। पत्रकार एकादश के लिए अमित पंवार और राहुल राणा ने तीन-तीन विकेट चटकाए। कपिल त्यागी, निशांत ने एक-एक विकेट लिया। अमित पंवार को मैन ऑफ द मैच चुना । निशांत भारद्वाज को बेस्ट फील्डर, एसडीएम बड़ौत आशीष कुमार, एसडीएम बागपत विवेक कुमार यादव व नितिन को संयुक्त रूप से बेस्ट बल्लेबाज चुना गया। राहुल को बेस्ट गेंदबाज चुना। रोजूद्दीन को कमेंट्री के लिए पुरस्कृत किया। इस दौरान एडीएम अनिल कुमार, एसडीएम अरविंद द्विवेदी, सीडीओ पीसी जायसवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन त्यागी, अश्वनी त्रिपाठी, दिवाकर झा, चांद मिया, यशवीर सिंह, गौरव शर्मा, विजय कुमार, राजवीर तोमर, जहीर हसन, सुरेंद्र कुमार, सचिन तोमर और भाजपा के लोकसभा प्रभारी रामपाल नेहरा आदि मौजूद रहे।