बड़ौत (बागपत)।
विद्युत निगम के कर्मचारियों ने मकान मालिक से सांठगांठ कर मधुबन कॉलोनी मेें सारे नियम को ताक पर रख कर विद्युत पोल शिफ्ट कर दिया। इससे विभाग को नुकसान पहुंचा है। मंगलवार को शिकायत पर यह मामला उजागर हुआ। मामला उजागर होते ही निगम के अफसरों में हड़कंप मच गया और वे जांच में जुटे गए।
विद्युत निगम के एक्सईएन प्रथम कार्यालय में तैनात संविदा कर्मचारी विभाग को हर माह चूना लगा रहे हैं। हाल ही मेें एक नया मामला मधुबन कॉलोनी में विद्युत पोल को बिना स्टीमेट बनाएं शिफ्ट करने का आया है, लेकिन इसकी भनक न तो जेई आलोक को लगी और न ही अन्य अफसरों को। मंगलवार को कॉलोनी के कुछ लोगों ने जेई आलोक को शिकायत कर खुलासा किया कि उनकी कॉलोनी मेें एक मकान का निर्माण किया जा रहा है। विद्युत पोल मकान से सटा होने के कारण लेंटर नहीं डल पा रहा था, इस कारण मजदूरों ने काम बंद कर दिया, लेकिन सोमवार को उक्त मकान मालिक ने विभाग में संविदा पर तैनात कर्मचारियों से सांठगांठ कर उक्त खंभे को शिफ्ट कर दिया। पहले खंभा मकान से सटा था अब खंभे को रास्ते में लगा दिया। जिस कारण वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। मामले की शिकायत पर निगम के अफसरों में हड़कंप मच गया। इस संबंध मेें जेई आलोक का कहना है कि न तो किसी का प्रार्थना पत्र खंभा हटाने के लिए आया है और न ही विद्युत पोल को शिफ्ट करने की अनुमति विभाग से मांगी है। शिकायत की मौके पर जाकर जांच कर संबंधित विद्युत कर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। दूसरी तरफ विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता प्रथम गोपाल सिंह का कहना था कि विभाग का नुकसान कतई बर्दास्त नहीं किया जाएगा। मामले की जांच कराई जा रही है।