हिलवाड़ी मेें मीटर लगाने गई ऊर्जा निगम की टीम से उलझे लोग
बड़ौत। हिलवाड़ी गांव मेें शनिवार को मीटर लगाने गई ऊर्जा निगम की टीम से कुछ दबंग लोग उलझ गए। देखते ही देखते वहां पर हंगामा खड़ा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और अवर अभियंता ने लोगों को शांत किया और मीटर लगवाएं जाने का आह्वान किया।
शनिवार को ऊर्जा निगम की टीम हिलवाड़ी गांव में मीटर लगाने पहुंची। कई मकानों पर मीटर लगाने के बाद जब टीम एक मोहल्ले में पहुंची तो वहां पर पहले से ही मौजूद आठ-दस लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते वहां पर हंगामा हो गया। लोगों का कहना था कि मीटर लगने से उनका बिल ज्यादा आएगा जबकि उनकी आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। बिना मीटर जो बिल आ रहा है, उसमेें हमे भुगतान देने में कोई परेशानी नहीं हो रही है। हंगामे की सूचना पर पुलिस और अवर अभियंता विनय कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया। अवर अभियंता विनय कुमार शर्मा ने लोगों को समझाया कि जितनी यूनिट आप खर्च करोगे, उतना ही बिल मीटर के अनुसार आएंगे। यह लोगों का भ्रम है कि मीटर लगने से बिल अधिक आता है। तब जाकर लोग शांत हुए।