दोघट (बागपत)। गांगनौली गांव में पूर्व प्रधान धर्मेंद्र राठी के आवास पर किसानों की बैठक हुई। इसमें वक्ताओं ने कहा गन्ना बकाया भुगतान न करने वाली मिलों को किसान गन्ना नहीं देंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए चौधरी सुखबीर सिंह ने कहा गन्ना मिल मालिकों की सरकार के साथ मिलीभगत चल रही है। इससे गन्ना मिलों को सरकार लाभ पहुंचा रही है। किसान का अभी तक भैंसाना मिल ने बकाया भुगतान नहीं किया है। जबकि नया पेराई सत्र शुरू होने जा रहा है। सरकार किसानों का बकाया भुगतान न कराकर मिलों के हित में फैसला कराना चाहती है। मिल मालिक नहीं सरकार ही गन्ना मिलों को नुकसान होने का नाटक कर गन्ना भाव नहीं बढ़ाना चाहती है, लेकिन किसान सरकार और मिल मालिकों का मंसूबा पूरा नहीं होने देंगे। बैठक में निर्णय लिया बकाया गन्ना भुगतान नहीं देने वाली मिलों को किसान गन्ना नहीं देंगे। संचालन गौरव राठी ने किया। इसमें निरंजन, जिले सिंह, रणबीर, विकास, राजबीर, सत्तू, महावीर, कृष्णपाल, जयपाल, जसबीर, रविंद्र, धर्मेंद्र राठी आदि रहे।