खेकड़ा रेलवे स्टेशन पर यात्रियो की टिकट की जांच करती टीम।
- फोटो : KAHKRA
खेकड़ा (बागपत)। रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में 88 बेटिकट यात्री पकडे़ गए। कई बेटिकट यात्री स्टेशन की दीवार कूद कर भाग गए। पकडे़ गए यात्रियों से 24 हजार रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूला गया।
गाजियाबाद से मुख्य टिकट निरीक्षक सतीश शर्मा के नेतृत्व में 16 सदस्यीय टीम शुक्रवार की सुबह खेकड़ा स्टेशन पहुंची। टीम ने आरपीएफ जवानों के साथ प्लेटफार्म पर चेकिंग शुरू की तो बेटिकट यात्रियों में भगदड़ मच गई। कई बेटिकट यात्री रेलवे स्टेशन की बाउंड्रीवाल कूद कर खेतों में फरार हो गए। इसके बाद टीम ने शामली से दिल्ली जाने वाली यात्री ट्रेन में चेकिंग की। 20 से अधिक यात्री बिना टिकट के पकड़े गए। उनसे मौके पर ही जुर्माना वसूला गया। अन्य ट्रेनों के यात्रियों को भी चेक किया गया। इनमें भी कई यात्री बेटिकट पकड़े गए। सभी से जुर्माना वसूला गया।
मुख्य टिकट निरीक्षक सतीश शर्मा ने बताया कि कई दिनों से इस संबंध में शिकायत मिल रही थी। पकडे़ गए 88 बेटिकट यात्रियों से 24 हजार 460 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस दौरान टीम में अजय शर्मा, राजेंद्र मीणा, मनीष चतुर्वेदी, संजीव कुमार, श्रीपाल यादव, जगदीश प्रसाद, अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।