बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बागपत कोतवाली क्षेत्र के सरूरपुर कलां गांव के पास से वाशिंग मशीन लूटने के मामले में पुलिस ने कई जगह छापा मारा। पुलिस ने बिनौली के जंगल से 72 वाशिंग मशीन बरामद की है। देर रात तक पुलिस छानबीन में जुटी है। दो संदिग्ध युवक भी पुलिस ने पकड़े हैं।
अलीगढ़ के अतरौली निवासी तिरमल सिंह देहरादून से वाशिंग मशीन लदा कंटेनर लेकर शनिवार को निकला था। उसे सप्लाई सोनीपत के कुंडली में देनी थी। पुलिस को बताया कंटेनर में 192 वाशिंग मशीन थी। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सरूरपुर कलां गांव से आगे ईंट भट्ठे के निकट वह लघुशंका करने लगा, इस बीच कार में सवार होकर आए तीन-चार बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और वाशिंग मशीन लदा कंटेनर लूट लिया। गाड़ी मालिक राजेश अग्रवाल को प्रकरण की जानकारी दे दी थी। कुछ देर बाद उसे कंटेनर गौरीपुर मोड़ के निकट एक दुकान के सामने खड़ा मिला, लेकिन कंटेनर में सिर्फ 56 वाशिंग मशीन ही मिली थी। पुलिस ने लूटी गई अन्य मशीनों की छानबीन की तो वह बिनौली क्षेत्र के जंगल से बरामद हुई है। इंस्पेक्टर ने बताया 72 वाशिंग मशीन बरामद हुई है, पुलिस छानबीन कर रही है।