बड़ौत (बागपत)।
क्षेत्र के मार्ग पर चलने वाले डग्गामार वाहन चालक मनमानी पर उतारू हो चुके हैं, क्योंकि एक तो वे सवारियों को भूसे की तरह मैजिक व टैपों में भरते हैं, ऊपर से मनचाहा किराया भी वसूलते हैं। यदि कोई यात्री इसका विरोध करता है तो वे यात्री को बीच रास्ते उतार देते हैं। इससे यात्रियों में आक्रोश पनप रहा है।
क्षेत्रवासियों ने कहा नगर व देहात के मुख्य मार्गों पर सैकड़ों डग्गामार वाहन काफी समय से संचालित हैं। जो आए दिन किराये को लेकर यात्रियों से कहासुनी करते रहते हैं। इतना ही नहीं मैजिक या टैपों में आठ दस सवारियों को बैठाने के बजाए उनमें करीबन 20 से 30 सवारियों को छतों पर बैठा देते हैं। यदि कोई इसका विरोध करता है तो उन्हें या तो बीच रास्ते मेें उतार दिया है या फिर बैठाने से इंकार कर दिया जाता है। इसका मुख्य कारण परिवहन विभाग के अफसरों की अनदेखी है, क्योंकि दिन में दो-चार बसें संचालित रहती है, लेकिन शाम होते ही बसें गायब हो जाती है। यहीं कारण है कि यात्रियों को भी मजबूरन डग्गामार वाहनों में सफर करना पड़ता है।
बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होती। क्षेत्रवासी परिवहन विभाग के अफसरों से मिलकर इन पर अंकुश लगाने व इस मार्ग पर बसों को नियमित रूप से संचालित करने की मांग भी कई बार उठा चुके हैं, लेकिन हालत जस के तस बने है। एआरएम योगेंद्र पाल सिंह ने कहा होली को देख बसों के चक्कर बढ़ा दिएं, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। इनमें दीपक, अंकित, ओमपाल, जयपाल, रविंद्र, सत्यवीर, देव, रवि, मोनू शर्मा आदि रहे।