बड़ौत (बागपत)।
कक्षा 12वीं में 85 प्रतिशत अंक दिलाने के बहाने बिनौली रोड स्थित एक स्कूल संचालक ने छात्र से हजारों रुपये ऐंठे। इससे क्षुब्ध छात्रों ने शनिवार को गांधी रोड पर एकत्र होकर स्कूल संचालक के खिलाफ प्रदर्शन किया और प्रशासन से प्रकरण की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।
शनिवार को छात्र दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में एकत्र हुए और स्कूल संचालक के खिलाफ प्रदर्शन किया। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि बिनौली रोड पर स्थित एक स्कूल संचालक कई साल ं से छात्रों को अच्छे अंकों से पास कराने के बहाने हजारों रुपये ठग रहा है। उन्होंने बताया वर्ष 2016-17 में स्कूल संचालक ने विजय माथुर पुत्र रोहित निवासी टयौढी से कक्षा 12वीं में 85 प्रतिशत अंक लाने के बहाने 40 हजार रूपये वसूले, लेकिन रुपये देने के बाद भी छात्र के मात्र 56 प्रतिशत अंक आए। अब स्कूल संचालक छात्र के रुपये भी नहीं लौटा रहा है। छात्रों ने कहा उनके पास स्कूल संचालक के खिलाफ सबूत भी है। बाद मेें उन्होंने तहसील पहुंचकर एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी को ज्ञापन देकर कार्रवाई करने की मांग की। एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने कहा प्रकरण की जांच कर दोषी मिलने पर स्कूल संचालक के खिलाफ कार्रवाई होगी। इनमें नवीन, संदीप, अमन, संजीव, पंकज, वीशू, दीपक, प्रभात, शरद, देवेंद्र, अशोक आदि रहे।