बागपत। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर 15 जुलाई को सुबह से ही ट्रैफिक डायवर्जन रूट का प्लान लागू हो जाएगा। हरियाणा, दिल्ली और अन्य जनपदों से आने वाले भारी वाहनों पर जनपद में प्रवेश करने पर रोक लग जाएगी। 19 तारीख से कांवड़ वाहन को छोड़कर सभी वाहनों पर प्रतिबंध है।
मेला सेल प्रभारी इंस्पेक्टर वीके शर्मा ने कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए यातायात रूट डायवर्जन का प्लान बनाया है। उनके मुताबिक 19 से 23 जुलाई तक सड़क पर कांवड़ियों के वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहन पर रोक रहेगी। बड़े वाहनों की 15 जुलाई से ही जनपद में नो एंट्री हो जाएगी। हरियाणा, दिल्ली, गाजियाबाद, शामली, मुजफ्फरनगर से आने वाले वाहनों को बार्डर पर ही रोक दिया जाएगा। उन्होंने बताया सहारनपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन शामली से करनाल, सोनीपत, नेशनल हाईवे-एक होते हुए दिल्ली की ओर भेजे जाएंगे। गौरीपुर मोड़ से कस्बा बड़ौत तक किसी भी प्रकार के वाहनों के आने-जाने की अनुमति नहीं होगी। इसी प्रकार दिल्ली से सहारनपुर की ओर जाने वाला यातायात उपरोक्त मार्ग से निकाला जाएगा। बड़ौत से बुढ़ाना की ओर जाने वाला यातायात कस्बा बड़ौत से भड़ल तक बंद रहेगा। बागपत से मेरठ की ओर जाने वाला यातायात बालैनी से पहले श्रीकृष्ण धर्म कांटे के पास पार्किंग पर रोका जाएगा और मेरठ की ओर से आने वाला यातायात श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज, बालैनी के पास मेरठ की ओर रोका जाएगा। बड़ौत से मेरठ जाने वाला यातायात थाना बिनौली के पास मुख्य सड़क पर डेरा सच्चा सौदा और मेरठ से बड़ौत की ओर आने वाला यातायात खिंवाई तिराहा बरनावा पर रोका जाएगा। सोनीपत से मेरठ की ओर जाने वाला यातायात सोनीपत से नेशनल हाईवे, वजीराबाद पुल से गाजियाबाद होते मेरठ जाएगा। इसी तरह से मेरठ से सोनीपत जाने वाला वाहन जाएगा।