बागपत। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती पर कलक्ट्रेट के लोकमंच पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के 62 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। साथ ही किसानों को नई तकनीक से फसलों की पैदावार बढ़ाने और उन्नत खेती के गुर भी सिखाए गए।
शनिवार को कलक्ट्रेट के लोकमंच पर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर किसान दिवस मनाया गया। शुभारंभ डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इस मौके पर डीएम, सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारियों ने प्रदर्शनी में लगे स्टॉल का निरीक्षण किया। साथ ही किसानों को अधिक से अधिक लाभ देने के निर्देश दिए और नई तकनीक से उन्नत खेती करने के लिए प्रेरित किया।
इन किसानों को किया गया सम्मानित
इस मौके पर उन्नत खेती कर जिले का नाम रोशन करने वाले 62 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। पाली निवासी ब्रह्मपाल सिंह को सरसों, गाधी निवासी बेगदराम को गेहूं, नौरोजपुर गुर्जर के रामपाल को धान, बुढेड़ा के सुमित को उर्दू उगाने में प्रथम स्थान, हलालपुर निवासी विनोद कुमार को सरसों, रठौड़ा निवासी सतेंद्र को गेहूं, शेरपुर निवासी रविंद्र को धान, बड़ौत निवासी योगेंद्र को उर्द उत्पादन द्वितीय स्थान मिला। इसके अलावा गन्ना खेती में प्रमोद निवासी कमाला, मौसम अली निवासी लुहारा, सतबीर निवासी बालैनी और ओमपाल निवासी मवीकलां को प्रथम स्थान मिला। इस मौके पर 62 किसानों को सम्मानित किया गया।