बड़ौत (बागपत)। बाबू कामता प्रसाद जैन महाविद्यालय में चल रहे पांच दिवसीय स्काउट एंड गाइड शिविर के दूसरे दिन प्रशिक्षुओं को स्काउट एंड गाइड के नियम की जानकारी दी । कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. आरपी जैन, संरक्षक डॉ. एसके शर्मा एवं प्रशिक्षक रामकिशन शर्मा ने किया। प्रशिक्षक रामकिशन शर्मा ने बीएड द्वितीय वर्ष 2017-18 एवं डीएलएड तृतीय सेमेस्टर 2017-19 के प्रशिक्षुओं को स्काउट एंड गाइड के इतिहास से परिचित कराते हुए उन्हें स्काउट एंड गाइड के नियम की जानकारी दी और सख्ती से नियम का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में अनुशासन का महत्व बहुत होता है, जो छात्र पढ़ाई काल में अनुशासन मेें रहकर शिक्षा ग्रहण करता है, वह कभी असफल नहीं होता।
संरक्षक डॉ. एसके शर्मा ने कहा कि यह प्रशिक्षण प्रशिक्षुओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे देश सेवा एवं समाजोपयोगी क्रियाकलाप सीखने को मिलते हैं। शिविर को सफल बनाने में पंकुराम शर्मा, सोनिया, सरिता, मनीषा जैन, रश्मि पंवार, ममता शर्मा, सुरेंद्र सिंह, सुशील कुमार, अभिनव त्यागी, रश्मि वर्मा, रीनू जैन, सुशील कुमार, आनंद कुमार का सहयोग रहा।