दाहा (बागपत)। शाहजहांपुर गांव में जर्जर प्राथमिक विद्यालय में बच्चे पढ़ने को मजबूर हैं। स्कूल भवन की दीवारों में दरार आ गई है। सड़क निर्माण के चलते स्कूल गहराई में चला गया है। शिकायत पर सुनाई नहीं हो रही है। ग्राम प्रधान के पति ने कहा यदि जल्द निर्माण शुरू नहीं कराया तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन करेंगे।
जर्जर भवन पर न तो प्रशासन का कोई ध्यान है और न ही शिक्षा विभाग का। हादसों से भी सबक नहीं लिया जा रहा है। शाहजहांपुर गांव का प्राथमिक विद्यालय भी जर्जर हो गया है। यहां की दीवारों में दरारें आ गई है। ग्राम प्रधान के पति जमशेद इसकी कई बार शिकायत शिक्षा विभाग के जिले के अफसरों से कर चुके हैं। इस पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जर्जर भवन में ही बच्चे पढ़ाई कर रहे है। इस संबंध में ग्रामीणों ने बैठक की। प्रधान के पति जमशेद ने बताया बच्चों को पढ़ाई करने में परेशानी होती है, क्योंकि सड़क निर्माण के कारण विद्यालय गहराई में चला गया है। इसकी शिकायत सीडीओ से लिखित में कर चुके हैं। कार्रवाई का तो आश्वासन दिया, लेकिन निर्माण नहीं हुआ। स्कूल भवन की दीवारें भी कमजोर हो गई है। कभी भी कोई हादसा होता है तो इसका जिम्मेदार प्रशासन और शिक्षा विभाग होगा। वहीं चेतावनी दी यदि निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया विद्यालयों में बच्चों को नहीं पढ़ने देंगे। प्रभारी सीडीओ हुब लाल ने कहा कि प्रधान उन्हें लिखित में शिकायत करेंगे तो इसकी प्रक्रिया को आगे बढ़ा देंगे।