बागपत। तेड़ा गांव में विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत पर मंडलायुक्त ने सीडीओ को हूब लाल को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव को नोटिस जारी किया गया है। इसमें विकास कार्य से जुड़े अभिलेख मंगवाए गए हैं।
बता दें कि तेड़ा गांव के पंचायत सदस्य और अन्य ग्रामीणों ने जिले के अफसरों के साथ मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार से विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत की थी। मंडलायुक्त ने सीडीओ चांदनी सिंह को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने डीडीओ को गांव में हुए विकास कार्यो की प्राथमिकता के साथ जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा है। डीडीओ ने बताया कि प्रधान और ग्राम सचिव को नोटिस जारी कर दिया गया है। उनसे विकास कार्यों के अभिलेख मंगवाएं जाएंगे। शिकायतकर्ताओं ने शौचालय में भी अनियमितताओं और गबन का आरोप लगाया है। इसके अलावा पंचायत सदस्य को मीटिंग में नहीं बुलाना, पानी की टंकी का मासिक शुल्क वसूलना और अचानक पेयजल आपूर्ति बंद करना, मनरेगा के तहत श्रमिकों को बिना कार्य भुगतान की शिकायतें की गई थीं। डीडीओ ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच होगी। जांच पूरी होने पर सीडीओ को आख्या दी जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।