- अनुपस्थित चल रहे परीक्षकों का रोका गया वेतन, नोटिस जारी किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। मूल्यांकन कार्य शुरू होने के बाद भी अभी तक कई विषयों की कॉपियां नहीं पहुंची हैं। दूसरे दिन खेकड़ा के गांधी इंटर कॉलेज में 45 व बागपत के श्री यमुना इंटर कॉलेज में 10 से अधिक परीक्षक अनुपस्थित रहे। इनका वेतन रोकने के साथ ही एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी हो रही है।
जिले के खेकड़ा के गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में हाईस्कूल व बागपत के श्री यमुना इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट का मूल्यांकन कार्य चल रहा है। दोनों केंद्रों पर कई जिलों से कॉपियां पहुंच रही हैं। खेकड़ा में एक लाख 30 हजार व श्री यमुना इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की 80 हजार से अधिक कॉपियों का मूल्यांकन होना है। दूसरे दिन खेकड़ा में मूल्यांकन करने के लिए 45 परीक्षक नहीं पहुंचे और ड्यूटी पर आने के लिए बहाना बना रहे हैं। बागपत में 10 से अधिक परीक्षक अनुपस्थित रहे। इन सभी को डीआईओएस राघवेंद्र सिंह ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है और वेतन रोक दिया। चेतावनी दी कि यदि जवाब नहीं दिया गया तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।