बागपत। जिले में कोरोना वायरस का भले ही कोई मामला नहीं मिला हो, लेकिन संदिग्ध मामले बढ़ रहे हैं। अब तक 53 मामले सामने आ चुके हैं। चार लोग ऐसे हैं जो स्वास्थ्य विभाग को सूचना दिए बिना घरों में छिपे हैं। विभाग की ओर से 19 लोगों की घरों में निगरानी की जा रही है।
सीएमओ डॉ आरके टंडन ने बताया कि कोरोना के प्रकोप से निपटने के लिए जिला अस्पताल में एक आठ बिस्तर का आइसोलेनशन एवं ट्रामा सेंटर में कोरोना क्वारंटाइन वार्ड बनाया गया है। अब तक 53 लोग संदिग्ध चिह्नित किए गए हैं। इनमें से देश और विदेश से घूमकर आए चार लोगों की स्वास्थ्य विभाग की टीम को लोकेशन नहीं मिल पाई है जबकि 53 लोगों को चिह्नित किया जा चुका है। इनमें से 19 लोगों को घर पर रखकर ही आइसोलेट किया गया है। 15 लोगों का 28 दिन से अधिक निगरानी में रखकर इलाज किया जा चुका है। 20 लोग विभाग की टीम की निगरानी में है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छह लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे, इनमें से पांच लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि अभी एक संदिग्ध जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है, जिसकी रिपोर्ट आना बाकी है। बताया कि विभाग की टीम किसी भी परिस्थिति के लिए पूरी तरह से तैयार है। कोई भी संदिग्ध मिलने पर उसे तुरंत आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करने के लिए आइसोलेशन वैन व कोरोना कीट की व्यवस्था कर ली गई है।