30 घंटे बंद रही रमाला सहकारी चीनी मिल
रमाला (बागपत)। सहकारी चीनी मिल रमाला तकनीकी खराबी के चलते 30 घंटे बंद रही। इसके विरोध में किसानों ने मिल में काफी हंगामा किया। किसानों का कहना है कि 15 दिन में मिल दो बार खराब हो चुकी है। बाद में इंजीनियर बुलाकर तकनीकी खराबी ठीक कराई गई। इसके बाद मिल को शुरू कराया गया।
रमाला चीनी मिल में बुधवार देर रात अचानक बायलर की ट्यूब लीकेज हो गई थी। इस कारण मिल को बंद करना पड़ा। मिल में गन्ना लेकर पहुंचने वाले किसानों की भीड़ लग गई। मिल से दिल्ली-सहारनपुर हाईवे तक गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियों और बोगियों की लंबी कतार लग गई। इसके चलते किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मिल बंद होने के कारण किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। किसानों ने कहा कि मिल में आए दिन तकनीकी खराबी रहती है। पिछले माह सफाई के चलते कई दिन तक मिल बंद रही। 15 दिन पहले भी चेन खराब होने के कारण मिल को बंद करना पड़ा था। किसानों के खेतों में अभी गन्ना खड़ा हुआ है और गर्मी भी बढ़ गई है। वहीं, गेहूं की फसल की कटाई चल रही है। किसान गन्ना कहां लेकर जाएगा। 30 घंटे तक मिल बंद रही। बाद में इंजीनियर को बुलाकर बायलर की ट्यूब ठीक कराई गई। उसके बाद शुक्रवार सुबह मिल सुचारु हुई। हंगामा करने वालों में सुलेमान, सोहनबीर, सोमपाल, नीरज, मंगता, राकेश, आन्नद आदि शामिल रहे।
--------------
पुरानी होने के कारण मिल में आती है खराबी : प्रधान प्रबंधक
रमाला। प्रधान प्रबंधक विनोद अग्रवाल का कहना है कि मिल पुरानी होने की वजह से अधिक तकनीकी खराबी आ रही है। शुक्रवार को तकनीकी कमी दूर कराकर मिल को चालू करा दिया गया है।
-----------------
कब पूरा होगा विस्तारीकरण का कार्य
रमाला। किसानों ने बताया कि रमाला मिल का शुभारंभ वर्ष 1978 में हुआ था। मिल 40 साल पुरानी हो चुकी है। जिस कारण आए दिन तकनीकी खराबी रहती है। वहीं मई 2018 मेें रमाला मिल के विस्तारीकरण का कार्य शुरू हो गया था। यह कार्य 27 फरवरी 2019 तक पूरा होना था, लेकिन अभी तक कार्य पूरा नहीं हुआ।