घटतौली का आरोप लगाकर किसानों ने किया हंगामा
छपरौली। कस्बे में मलकपुर मिल का सी गन्ना क्रय केंद्र लगा हुआ है। शुक्रवार को यहां किसानों ने घटतौली का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मिल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। थाना पुलिस को भी मौके पर पहुंचना पड़ा। सुपरवाइजर ने घटतौली के आरोप को निराधार बताया।
किसानों का आरोप है कि शुक्रवार को छपरौली कस्बे में मलकपुर के सी क्रय केंद्र पर घटतौली की जा रही थी। इसके विरोध में हंगामा किया। कहा कि क्रय केंद्र पर किसानों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। चेतावनी दी घटतौली नहीं रूकी तो इसके विरोध में आंदोलन करने को मजबूर होंगे। हंगामा बढ़ा तो छपरौली पुलिस भी मौके पर पहुंची। मिल क्रय केंद्र के सुपरवाइजर विनोद मलिक को मौके पर बुलवाया गया है। इससे कांटे की जांच करवाई। सुपरवाइजर ने कहा कि किसी तरह की घटतौली नहीं हो रही थी। मामले को शांत करा दिया है। जयवीर, यज्ञदेव, नीटू, धर्मेंद्र, विनोद, गुड्डू, राजेंद्र, राजवीर, दीपक, राजकुमार, नरेश, उम्मेद मौजूद रहे।