बागपत। एससी/एसटी का प्रमाणपत्र न बनने से क्षुब्ध कोरी समाज के लोगों ने कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने कहा आदेश होने के बाद भी तहसील स्तर पर पटवारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। दो अगस्त के बाद आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
सोमवार को कोरी समाज के दर्जनों लोग कलक्ट्रेट में पहुंचे। कलक्ट्रेट में धूप में धरने पर बैठ गए। यहां पर नारेबाजी और प्रदर्शन शुरू कर दिया। समाज के लोगों का आरोप अन्य जनपदों में जाति के प्रमाणपत्र बनाए जा रहे हैं, लेकिन यहां पर डीएम के आदेश के बाद भी तहसील स्तर पर लेखपाल कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। कई बार मंडलायुक्त से लेकर अफसरों से मिल चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। शिकायतों करने का भी कोई असर नहीं हो रहा है।
भारतीय कोरी समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष चंद लहरी ने बताया कि कोरी समाज के साथ अत्याचार हो रहा है। एससी/एसटी के प्रमाणपत्र न बनने से परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि मंडल और जिला स्तर पर कोरी समाज के लोगों को एकजुट कर विधानसभा का घेराव करेंगे और मुख्यमंत्री से मिलकर पीड़ा को बताएंगे। कार्रवाई न होने पर आंदोलन होगा। इसके बाद पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम डीएम ऋषिरेंद्र कुमार को सौंपा। इसमें शासन का अनुपालन न करने वाले कर्मचारियों को दंडित करने की मांग की। जिलाध्यक्ष विकास कुमार कोरी, भगवती देवी, कंवर पाल, कपिल, अश्वनी, नितिन, अमरपाल, बिजेंद्र, संजीव, सचिन, सोनू, सौरभ, प्रवीण, ओमपाल, गजेंद्र, शिवकुमार, रवि, अमित, सागर मौजूद रहे।
धूप और छाय को लेकर बना विवाद
बागपत। कोरी समाज के लोगों के दो गुटों में धरने के बीच विवाद खड़ा हो गया। एक पक्ष धूप में धरने के पक्षधर था ओर दूसरा छाय में। इसको लेकर दोनो पक्षों में नोकझोंक हुई। इसके बाद धरने को समाप्त कर दिया।
पुलिस बल कराया तैनात
बागपत। डीएम दफ्तर के बाहर धरने पर बैठे कोरी समाज के लोगों ने जैसे ही नारेबाजी शुरू की तो पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस ने नारेबाजी कर रहे लोगों को शांत कराया।
दूसरे जनपद के कोरी समाज के लोगों को किया बाहर
बागपत। कलक्ट्रेट में धरने पर बैठे कोरी समाज के बीच में सहारनपुर, शामली और अन्य जनपद के कोरी समाज के लोग भी शामिल थे। कोतवाली पुलिस ने चेतावनी दी जो भी बाहरी जनपद के लोग कलक्ट्रेट से बाहर हो जाए। ऐसा नहीं किया तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।