काटे गए विद्युत कनेक्शन दोबारा जुड़े मिले
बड़ौत। नगर में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों से मिलीभगत कर खुलेआम विद्युत चोरी की जा रही है। सोमवार को चेकिंग अभियान के दौरान इसका खुलासा हुआ। कई जगहों पर टीम को पूर्व मेें काटे गए विद्युत कनेक्शन जुडे़ मिले। इस दौरान टीम ने जैसे ही दोबारा जुडे विद्युत कनेक्शन को काटने का प्रयास किया तो कुछ लोगों के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हंगामा कर रहे लोग भाग निकले।
सोमवार को जेई टाऊन से एसडीओ बने इंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में जैसे ही टीम ने बकाएदारों केे विद्युत कनेक्शन काटने का अभियान चलाया तो कई जगहों पर पूर्व की चेकिंग में काटे गए विद्युत कनेक्शन दोबारा से जुडे़ मिले। टीम ने उन कनेक्शनों को काटने का प्रयास किया तो लोग उनसे उलझ गए। हंगामा कर रहे उपभोक्ताओं ने बताया कि मुख्य शिकायत केंद्र पर तैनात कुछ कर्मचारी उन्हें विद्युत चोरी कराते है और उसके बदले महीने मेें 500 से 1000 रुपये कर्मचारियों को देते हैं। लेकिन टीम नहीं मानी और कनेक्शन काटने लगी। इस पर उपभोक्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। बाद मेें हंगामा बढ़ता देख पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस को देख हंगामा कर रहे लोग वहां से भाग निकले। इसके बाद कई लोगों केे कनेक्शन काटे गए। एसडीओ इंद्रपाल ने बताया कि ऐसी शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। जल्द ही प्रकरण की जांच कराकर विभाग को नुकसान पहुंचाने वाले कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर, एसई रामबीर सिंह ने कहा कि इस मामले में जांच करायी जाएगी। विभाग का नुकसान करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।