बड़ौत (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर खेड़की गांव से ट्यूशन पढ़कर साइकिल पर अपने गांव बड़ौली आ रहे दो छात्रों को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने चपेट में ले लिया। इससे एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे छात्र को गंभीर हालत में एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। हादसे के बाद परिजनों ने निजी अस्पताल में सही उपचार न देने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और तोडफ़ोड़ की।
हादसे में जान गंवाने वाला सौरभ (17) पुत्र गुलाब बड़ौली गांव का रहने वाला था जबकि गंभीर रूप से घायल अंशुल पुत्र योगेंद्र भी इसी गांव का है।
कक्षा बारह में पढ़ रहे दोनों छात्र मंगलवार को खेड़की गांव में ट्यूशन पढ़ने गए थे। ये दोनों साइकिल से अपने गांव आ रहे थे तो दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बड़ौली और ट्यौढ़ी के बीच बागपत की तरफ जा रहे फूंस से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में सौरभ की मौके पर मौत हो गई जबकि अंशुल को गंभीर हालत में निजी अस्पताल से मेरठ रेफर किया गया है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली सहित फरार हो गया।
इसके बाद बड़ौली गांव के लोगों ने निजी अस्पताल में तोड़फोड़ कर हंगामा किया और उन पर सही इलाज न करने का आरोप लगाया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी हरे राम यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। सौरभ के परिजनों ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही है।