खेकड़ा (बागपत)।
शासना के आदेश की अवहेलना करने पर क्षेत्र के ग्राम भागौट और निरोजपुर एम्मा में बेसहारा गोवंशों के लिए गोशाला के निर्माण कार्य में कोताही बरतने वाले दो ग्राम सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति के लिए बीडीओ ने सीडीओ को पत्र भेजा। साथ ही क्षेत्र के ग्राम सुन्हैडा निवासी ग्राम प्रधान को भी गोशाला का निर्माण न कराने पर उपजिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
शासन के आदेश पर प्रदेश में बेसहारा गोवंशों के लिए गोशाला बनवाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं, लेकिन कुछ अधिकारी शासन के आदेश की अवहेलना कर रहे हैं। क्षेत्र के ग्राम भागौट में तैनात ग्राम सचिव अखिलेश एवं निरोजपुर एम्मा में तैनात ग्राम सचिव सतीश कुमार के खिलाफ गोशाला के निर्माण में कोताही बरतने व शासन के आदेश की अवहेलना करने पर बीडीओ संदीप पाल ने सीडीओ को संबंधित दोनो ग्राम सचिवों के निलंबन की संस्तुति रिपोर्ट भेजी है। उपजिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि क्षेत्र के कुछ गांवों में ग्राम प्रधान व ग्राम सचिव गोशाला का निर्माण कराने में कोताही बरत रहे हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सुन्हैडा के ग्राम प्रधान जयदेव को भी गांव में गोशाला का निर्माण न कराने के चलते कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।