अमीनगर सराय (बागपत)। तहसीलदार बागपत रामनयन सिंह ने राजस्व टीम के साथ सेड़भर गांव में एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) के मानकों के विपरीत चल रहे भट्ठे को बंद करवाया। दमकल विभाग की गाड़ी से भट्ठे में पानी भरवा दिया। चेतावनी दी नियम विरुद्ध कार्य किया तो कार्रवाई होगी।
सिंघावली थाना क्षेत्र के भट्ठे पर सोमवार को तहसीलदार रामनयन सिंह राजस्व टीम के साथ पहुंचे। जांच पड़ताल करने पर पता चला एनजीटी के नियम और आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है। जिन शर्तों को मान्य किया, उसके अनुसार संचालन नहीं किया जा रहा है। जांच के दौरान टीम के साथ अभद्रता की, इसके बाद थाने से पुलिस फोर्स पहुंची। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाया। तहसीलदार ने बताया कि भट्ठे में पानी भरवाकर बंद करवाया गया है। ईंटों पर पानी डाल दिया गया। खनन अधिकारी शैलेंद्र कुमार, कानूनगो कुलदीप राठी, राजकुमार, राहुल कुमार, मदन पाल सहित सिंघवाली थाना पुलिस मौजूद रही।