बड़ौत (बागपत)। नगर के बिनौली-मेरठ मार्ग पर बुधवार सुबह रेलवे क्रासिंग के पास फाटक जाम हो जाने के कारण जाम लग गया। जाम में फंसे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी लोगों की कहासुनी हुई। हालांकि बाद में किसी तरह जाम फाटक खुलवाकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।
बुधवार की सुबह शामली से दिल्ली जाने वाली ट्रेन नंबर 74021 जैसे ही बड़ौत रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तभी अचानक बिनौली-मेरठ मार्ग पर रेलवे क्रासिंग के पास फाटक जाम हो गया। ट्रेन तो वहां से गुजर गई, लेकिन फाटक न खुलने से लंबा जाम लग गया। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस से भी लोगों की कहासुनी हुई। हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया। लोगों का आरोप था कि आए दिन फाटक कभी जाम रहता है तो कभी खराब हो जाता है। कभी तो ट्रेन आने से 25 से 30 मिनट पहले रेलवे कर्मचारी फाटक बंद कर देते हैं, जिस कारण यहां से गुजरने को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराए जाने की मांग की। स्टेशन अधीक्षक अय्यूब खान ने कहा कभी-कभार तकनीकी खराबी के चलते फाटक खराब हो जाता है, लेकिन उसे सूचना मिलते ही तत्काल प्रभाव से ठीक भी करा दिया जाता है।