बड़ौत (बागपत)।
बकाया गन्ना भुगतान को लेकर शनिवार को गूंगा खेड़ी गांव में छह गांवों के किसानों की हुक्का पंचायत हुई। इसमें जन जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया। साथ ही मिल और प्रशासनिक अफसरों को जल्द भुगतान न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
प्रधान संजीव ने कहा कि पिछले कई वर्षों क्षेत्र की चीनी मिले किसानों का करोड़ों रुपये दबाएं बैठी है। इस कारण क्षेत्र के किसानों को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। स्कूल मेें फीस जमा न होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रधान अनिल कुमार ने कहा कि यदि जल्द ही चीनी मिलों ने किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं दिया तो क्षेत्र के किसान आंदोलित हो उठेंगे। पंचायत में जन जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को समस्याओं के प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया। पंचायत में मिल और प्रशासनिक अफसरों को दो टूक चेतावनी दी कि यदि जल्द ही भुगतान नहीं हुआ तो लोग आंदोलन शुरू कर देंगे। पंचायत में छछरपुर, बावली, गूंगा खेड़ी, कासिमपुर खेड़ी, जिवाना, किशनपुर बराल और बिजरौल गांव के किसान एकत्र हुए। पंचायत में इंद्रपाल चेयरमैन, रविंद्र, विकास, किरण पाल, सुरेंद्र, नीरज, संजय कुमार आर्य, ओमकार आदि रहे।