पॉलिटेक्निक सेमेस्टर परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। दिगंबर जैन पॉलिटेक्निक कॉलेज में मंगलवार को वार्षिक सेमेस्टर परीक्षा शुरू हुई। पहले ही दिन 34 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान कड़ी सुरक्षा रही। संघन चेकिंग के बाद ही छात्र-छात्राओं को परीक्षा केन्द्र में जाने दिया गया।
प्रधानाचार्य डॉ. अजय त्यागी ने बताया कि दो पालियों में सरकारी, सहायता प्राप्त तथा प्राइवेट पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्रवेश परीक्षा शुरू की गई। परीक्षा केंद्र पर डीजे पॉलिटेक्निक कॉलेज के अलावा इंडो यूनिवर्सल कॉलेज बावली, लखमीरी देवी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी अहेड़ा के परीक्षार्थी भी सम्मिलित है। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक हुई, जिसमें प्रथम वर्ष के परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। इस पाली में एप्लाइड गणित विषय की परीक्षा हुई, जिसमें 516 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। 32 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे जबकि 484 ने परीक्षा दी। द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से 4:30 तक हुई, जिसमें अंतिम वर्ष के परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। इस पाली में एनर्जी मैनेजमेंट, रेलवे इंजीनियरिंग, रिपेयर एंड मेंटीनेंस विषयों की परीक्षा हुई, जिसमें 404 परीक्षार्थियों में से दो अनुपस्थित रहे, 402 ने परीक्षा दी। कोई भी परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते नहीं पकड़ा गया।