बागपत। लोकसभा चुनाव में 11 अप्रैल को मतदान के दिन ड्यूटी से गैरहाजिर होकर मेरठ में बसपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने गए क्राइम ब्रांच के हेड कांस्टेबल को एसपी ने निलंबित कर दिया है। शिकायतकर्ता ने एसपी को आरोपी हेड कांस्टेबल की वीडियो भेजी। इसके अलावा दूसरे जनपदों में चुनाव ड्यूटी पर नहीं जाने वाले तीन कांस्टेबल को भी निलंबित किया।
जिले में लोकसभा चुनाव के लिए 11 अप्रैल को मतदान हुआ। चुनाव ड्यूटी से अनुपस्थित होकर क्राइम ब्रांच के हेड कांस्टेबल राजीव कुमार सिंह मेरठ जनपद में बसपा प्रत्याशी याकूब कुरैशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। कुछ लोगों ने हेड कांस्टेबल की चुनाव प्रचार करते हुए वीडियो बनाकर एसपी शैलेश कुमार पांडेय से शिकायत की। एसपी ने पुलिसकर्मी के खिलाफ जांच बैठाई। जांच में हेड कांस्टेबल के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर एसपी ने हेड कांस्टेबल राजीव कुमार सिंह को निलंबित किया।
इसके अलावा दूसरे जनपदों में चुनाव कराने के लिए कांस्टेबल जयपाल सिंह, कमल सिंह और जीत सिंह की ड्यूटी लगाई। तीनों कांस्टेबल चुनाव ड्यूटी पर जाने के लिए उपस्थित नहीं हुए। अनुपस्थित पाने पर एसपी ने तीनों को निलंबित कर दिया। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि क्राइम ब्रांच के हेड कांस्टेबल राजीव कुमार सिंह मेरठ में बसपा प्रत्याशी का प्रचार करने गया। जांच में उसके खिलाफ साक्ष्य मिले हैं। इसके अलावा चुनाव ड्यूटी से तीन कांस्टेबल अनुपस्थित मिले। चारों को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी।