दोघट (बागपत)। कान्हड़ बिजलीघर में चल रहा संविदा लाइनमैनों का धरना एसडीओ और जेई के आश्वासन पर समाप्त हो गया। अधिकारियों ने 15 दिन में समस्याओं को हल कराने का आश्वासन दिया।
कान्हड़ बिजलीघर में निरपुड़ा, दोघट, टीकरी, दाहा, संतनगर, गांगनौली, गैडबरा, आजमपुर मुलसम आदि बिजलीघरों में कार्यरत संविदा लाइनमैनों ने कामकाज बंद कर दूसरे दिन भी धरना दिया। बुधवार को धरने पर एसडीओ सुधाकर और जेई प्रदीप गुप्ता पहुंचे और संविदा लाइनमैनों से वार्ता की। लाइनमैनों ने कहा सात से माह से रुका हुआ मानदेय दिलाया जाए, अगस्त माह से बढ़ाया वेतन भी दिया जाए, एमडी के आदेशानुसार कुशल को 7865 रुपये और अकुशल को 6383 रुपये प्रति माह दिए जाए। इस पर एसडीओ ने उन्हें आश्वासन दिया कि 15 दिन में समस्याओं का हल करा दिया जाएगा। इस आश्वासन पर संविदा लाइनमैनों ने धरना समाप्त कर दिया और चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का हल नहीं होता तो वे फिर से धरना शुरू कर देंगे। इसमें नरेश शर्मा, नरेंद्र कुमार, रवि कुमार, सतेंद्र, प्रवेश, धर्मेंद्र, संजय, अजीत, सुनील दत्त, अशोक, धर्मवीर, विनोद, ब्रहम पाल, तजेंद्र, हरिओम, प्रवेंद्र आदि रहे।