उमस और गर्मी के बीच आधा शहर पीने के पानी के लिए तरस रहा है। कारण है पालिका के नलकूपों की खराबी। जिस कारण आधे शहर की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। शिकायतें की गई, लेकिन समाधान नहीं निकला।
बागपत नगरपालिका क्षेत्र में सात नलकूपों से पानी सप्लाई किया जाता है। चमरावल रोड स्थित दो ट्यूबवेल में से एक और पुराना कस्बा की ट्यूबवेल पहले से ही खराब है। जिस कारण इस क्षेत्र के लोगों को दूसरे नलकूपों से पानी मुहैय्या कराया जा रहा था। शहर के कोर्ट रोड पर स्थित ट्यूबवेल तीन दिन पूर्व अचानक खराब हो गई। शहर के टेलीफोन एक्सचेंज के पास स्थित पानी की ट्यूबवेल की क्षमता कम है। इससे शहर की पानी की आपूर्ति बाधित हो गई। पुराना कस्बा, कोर्ट रोड, भजन विहार, खत्ता रोड समेत कई मोहल्ले में तो पानी की आपूर्ति पूरी तरह से बंद हो गई। लोग पेयजल के लिए तरस रहे हैं। कईं परिवार तो इंतजार करने के बाद नगर पालिका में शिकायत करने पहुंचे, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। परेशान लोगों ने सबमर्सेबिल और हैंडपंपों से घर की जरूरत पूरी करने के लिए पानी ढोया। पालिकाध्यक्ष राजूद्दीन का कहना है कि नलकूप खराब होने से पानी की सप्लाई में दिक्कत हो रही है। जल्द ही इस समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। कर्मचारियों को व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़कों पर भर गया पानी
मंगलवार शाम को हुई तेज बारिश के बाद शहर की कई कॉलोनियों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था नहीं होने के कारण यह परेशानी उठानी पड़ी।
दिनभर बाधित रही बिजली आपूर्ति
शहर के कईं मोहल्लों की आपूर्ति दिनभर बाधित रही। चमरावल रोड पर लगातार लग रहे कटों से लोगों का जीना मुहाल रहा। यमुना रोड के लोगों ने भी बिजली कट के कारण परेशानी झेली।
क्या बोले लोग
भजन विहार कॉलोनी निवासी मुन्नी देवी का कहना है कि पिछले तीन दिन से टंकी का पानी नहीं आ रहा है। पीने का पानी भी पड़ोस के मकानों से लाना पड़ रहा है।
खत्ता रोड निवासी ज्ञान सिंह का कहना है कि पानी न आने से मकान की साफ-सफाई भी नहीं कर पा रहे है। पड़ोस के सरकारी हैंडपंप से पानी लाते है। परेशानी उठा रहे हैं।
आश मोहम्मद का कहना है कि मोहल्ले में एक हैंडपंप लगा हुआ है। टंकी का पानी न आने से हैंडपंप पर सुबह से ही पड़ोस के लोगों की लाइन लग जाती है। बेहद परेशान हैं।
इरशाद का कहना है कि पानी न आने से स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। हैंडपंप पर अपने नंबर का इंतजार करते रहते हैं। पालिका से आपूर्ति दुरुस्त कराने की मांग की।