संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। पुराने कस्बे के कुरैशियान मोहल्ले में अवैध कमेले को 29 लोग मिलकर चला रहे थे। इनमें पशुओं को लेकर आने से लेकर कटान करके मीट सप्लाई करने वाले तक शामिल है। इनमें बागपत के अलावा मेरठ, गाजियाबाद, हरियाणा के लोग भी शामिल है। पुलिस ने इनमें से 14 की पहचान कर ली है, जिनमें से 12 लोगों का शुक्रवार को चालान किया गया। इस मामले में इन सभी 14 को नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपियों हाजी इस्माइल और हाजी इनाम की तलाश में पुलिस लगी हुई है।
बागपत के पुराने कस्बे में पशु पैंठ के पास कुरैशियान मोहल्ले में बृहस्पतिवार शाम को पुलिस ने छापा मारा था। हाजी इस्माइल और हाजी इनाम के घेर में अवैध कमेला चल रहा था। सैकड़ों पशुओं का रोजाना कटान किया जा रहा था। पुलिस ने हाजी इस्माइल और हाजी इनाम दोनों के यहां से 250 से ज्यादा पशुओं की खाल, 93 जिंदा पशु, चार गाड़ी, कुल्हाड़ी और चाकू बरामद किए थे। सीओ अनुज मिश्रा के अनुसार इस मामले में इस्माइल और इनाम निवासीगण पुराना कस्बा बागपत, रहीस व मोबीन निवासीगण मोहल्ला कुरैशियान, आमिर खान निवासी तिलपनी सिंघावली अहीर, कुलदीप निवासी भाटला जिला हिसार हरियाणा, चांद, नफीस, अदनान व मोहसीन निवासीगण मोहल्ला घोसियान, अल्तमस निवासी मोहल्ला व्यापारियान मुरादनगर जिला गाजियाबाद, नवाब निवासी गुर्जर कालोनी बागपत, भूरा निवासी सरूरपुर बागपत, राशिद निवासी मोहल्ला बनीसराय कोतवाली मेरठ जिला मेरठ व 25 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें से आमिर, रहीस, कुलदीप, चांद, अल्तमश, नफीस, नवाब, अदनान, भूरा, मोहसीन, मोबीन, राशिद को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को जमानत मिल गई।