दोस्तों का हुआ यूपी पुलिस में चयन, जश्न मनाया:- बागपत के सरूरपुर गांव में यूपी पुलिस में चयनित
बागपत। यूपी पुलिस भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित होते ही जिले में होली का रंग गाढ़ा हो गया। क्योंकि अब यहां के 230 युवाओं का खाकी पहनने का सपना पूरा होगा। सरूरपुरकलां से सबसे ज्यादा 36 युवाओं का यूपी पुलिस में चयन हुआ है।
यूपी पुलिस के अंतिम परिणाम में करीब 170 युवकों तथा करीब 60 बेटियों का चयन हुआ है। सरूरपुरकलां गांव से ही 36 युवाओं का चयन होने पर ग्रामीण सुभाष नैन बताते हैं कि वर्ष 2010 में उनके गांव की नौ बेटियों समेत 60 युवाओं का यूपी पुलिस में चयन हुआ था। वहीं 13 युवाओं के चयन से घिटौरा गांव भी जश्न है। अखिल भारतीय जाट महासभा उप्र के महामंत्री विनोद खेड़ा ने बताया कि खेड़ा हटाना में 18 युवाओं का चयन हुआ। ढिकौली के आठ युवकों तथा दो बेटियों का चयन हुआ है।
दो सगे भाइयों का चयन : बाघू निवासी दो सगे भाईयों सत्यम व सुशील का चयन हुआ। जिससे उनके घर बधाई देने वालों की लाइन लगी रही। यहीं के शोभित तथा शिवम का भी चयन यूपी पुलिस में हुआ है।