माध्यमिक शिक्षा विभाग ने अब तक 20316 छात्रों का सर्वे किया पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। स्नातक, परास्नातक की पढ़ाई के साथ तकनीकी शिक्षा ग्रहण करने वाले जिले के 23,857 छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन और टैबलेट देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से माध्यमिक शिक्षा विभाग ने 20316 छात्र-छात्राओं का सर्वे पूरा कर लिया है।
शासन की ओर से स्नातक व परास्नातक कक्षाओं में शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्र-छात्राओं को टैबलेट और स्मार्ट फोन वितरित किए जाएंगे। जिले में योजना के तहत महाविद्यालयों और तकनीकी शिक्षण प्रशिक्षण संस्थाओं के साथ कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षित युवाओं की सूची तैयार की जा चुकी है। शासन स्तर से जिले को 23,857 छात्र-छात्राओं का लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष 20316 छात्र-छात्राओं का सर्वे पूरा कर डाटा अपडेट कर दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि अन्य छात्र-छात्राओं को सर्वे किया जा रहा है।
25 दिसंबर को 200 छात्रों को मिलेगा स्मार्टफोन व टैबलेट
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि पहले चरण में 25 दिसंबर को मुख्यमंत्री लखनऊ में छात्र-छात्राओं को टैबलेट व स्मार्टफोन वितरित करेंगे। जिले से 200 छात्र-छात्राएं लखनऊ के लिए रवाना होंगे। इसके उपरांत शासन स्तर से जो भी दिशा-निर्देश मिलेंगे, उनके अनुसार छात्रों को टैबलेट और फोन का वितरण किया जाएगा।