रमाला (बागपत)। असारा गांव में राशन डीलर के चुनाव को लेकर खुली बैठक हुई। राशन डीलर के लिए तीन लोगों ने आवेदन किया। वोटिंग से चुनाव कराने की मांग को लेकर एक पक्ष ने हंगामा किया। जिस कारण राशन डीलर का चुनाव नहीं हो सका। अधिकारियों ने बैठक स्थगित कर दी।
असारा गांव में सोमवार को खुली बैठक में राशन डीलर का चयन होना था। छपरौली ब्लॉक से प्रभारी बीडीओ कृष्णपाल टीम के साथ पहुंचे। राशन डीलर के लिए तीन लोगों ने आवेदन किया। ग्रामीणों ने भीड़ अधिक होने के कारण हंगामे की स्थिति बन गई। राशन डीलर पद के उम्मीदवार गुल बहार चौधरी पक्ष ने वोटिंग से चुनाव कराने की मांग की। इस पर ग्रामीणों के दो पक्षों में हंगामा शुरू हो गया। हंगामा होता देखकर अधिकारियों ने बैठक स्थगित कर दी।
राशन डीलर के उम्मीदवार गुल बहार चौधरी ने कहा कि चुनाव वोटिंग से कराया जाए। आधार कार्ड से वोट डलवाई जाए। चौधरी मोहम्मद शाहिद ने कहा कि अधिकारी किसी के बहकावे या लालच में आकर एक तरफा कार्रवाई न करें। चौधरी मोहब्बत ने कहा कि चुनाव एक ही बार में कराया जाए। बार-बार ग्रामीणों को परेशान न करें। उन्होंने डीएम से शिकायत करने का निर्णय लिया। प्रभारी बीडीओ कृष्णपाल मान ने बताया कि ग्रामीणों के हंगामे को देखकर बैठक स्थगित की। जल्द ही अगली तिथि को चुनाव कराया जाएगा। इस मौके पर कारी मोहम्मद तारिक फलाही, हाफिज तराबुद्दीन, मोहम्मद राहिल, मोहम्मद सालिम, मास्टर मेहरबान अली, शमीम, नरेश कुमार, भोपाल, वसीम, मोमिन, चौधरी असगर, काला, नसीम, इदरीश, यामीन, फरमान, अनीश, मुस्तकीम चौधरी आदि उपस्थित रहे।