बागपत। पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या के आरोपी कुख्यात सुनील राठी की 25 आर्म्स एक्ट के मुकदमे में तिहाड़ जेल दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए न्यायालय में पेशी हुई। बजरंगी हत्याकांड में ही राठी पर 25 आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा कई अन्य कुख्यात बदमाशों को भी पेशी पर नहीं लाया गया।
नौ जुलाई को जिला कारागार में पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की कुख्यात सुनील राठी ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी और पिस्टल को सेफ्टी टैंक में फेंक दिया था। खेकड़ा थाने पर राठी के खिलाफ हत्या व 25 आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने सेफ्टी टैंक से पिस्टल, दो मैग्जीन और 22 कारतूस बरामद किए थे। बजरंगी की हत्या के बाद सुनील राठी को जिला जेल से फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में शिफ्ट कर दिया गया था। एक माह तक सेंट्रल जेल में रहने के बाद राठी को तिहाड़ जेल दिल्ली में शिफ्ट किया गया। मंगलवार को 25 आर्म्स एक्ट के मुकदमे में राठी की तिहाड़ जेल से वीडियो कांफ्रेंस के जरिए पेशी हुई। यह मुकदमा सीजेएम कोर्ट में चल रहा है। राठी की पेशी की सूचना पर कचहरी में पुलिस चौकसी बढ़ाई गई थी, लेकिन जब वह पेशी पर नहीं आया तो पुलिस ने राहत की सांस ली। वहीं कई अन्य कुख्यात बदमाशों को भी पेशी पर नहीं लाया गया। पटियाला से अमित उर्फ भूरा, पौड़ी से सचिन खोखर, तिहाड़ जेल दिल्ली से नीरज बवाना, दिनेश टापा, गरजीपुर से परमवीर तुगाना को पुलिस पेशी पर लेकर नहीं आई। बस्ती से देवेेेेंद्र धनौरा को न्यायालय में पेश किया गया।