दोघट (बागपत)। कस्बा टीकरी में सीएचसी सेवाओं को शुरू कराने की मांग को लेकर चल रहा धरना 58वें दिन भी जारी रहा। धरने पर टीकरी विकास सेवा समिति के अध्यक्ष मास्टर महेंद्र सिंह की हालत बिगड़ गई। एक सप्ताह में अचानक उनका वजन बढ़ गया और पूरे शरीर में सूजन आ गई है। उन्हें गंभीर हालत में मेरठ के सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया।
धरनारत लोगों ने बताया कि पिछले वर्ष एसडीएम ने नवंबर माह में जल्द ही सीएचसी शुरू करवाने का आश्वासन दिया था। जिससे क्षेत्र के लोगों को उम्मीद जगी थी, लेकिन पिछले 58 दिन से धरना देने के बावजूद भी सरकार का कोई भी प्रतिनिधि धरनास्थल पर लोगों के बीच नहीं पहुंचा। भाजपा सरकार भारी बहुमत होने के बावजूद भी एक असफल सरकार की तरह कार्य कर रही है। जब तक प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री मौके पर पहुंचकर सीएचसी को चालू नहीं कर देते तब तक धरना जारी रहेगा। दोपहर बाद नित्य प्रतिदिन की तरह स्वामी प्रेमानंद महाराज ने रामकथा का वाचन किया जिसमें श्रीराम के वनवास प्रस्थान का प्रसंग सुनाया गया। धरना देने वालों में चौधरी सुखबीर सिंह, मास्टर चरण सिंह, चौधरी महिपाल सिंह, आनंद प्रकाश, राजेंद्र शर्मा, शिवकुमार राठी, अमरजीत राठी, रमेश भगत, प्रमोद राठी, हरिओम, देवेंद्र, जसबीर सिंह, विनोद राठी, अशोक, रविंद्र, अक्षय पाल, बबलू राठी, सीटू, रोहित, सविता देवी, दिलशाना, राजेश देवी, प्रवीना, शाइना, प्रकाशी, शिवानी, प्रमिला आदि रहे।