रमाला/अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)।
दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर सीएनजी ट्रेन की एलम में पावर फेल हो जाने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। कासिमपुर खेड़ी और बड़ौत में कई ट्रेन रोक दी गईं। इस कारण तीन घंटे तक रेल सेवा बाधित रही। गर्मी में बच्चे और महिलाएं बिलबिला उठे।
बुधवार को सुबह साढ़े नौ बजे के लगभग शामली से दिल्ली जा रही 74026 सीएनजी ट्रेन की एलम रेलवे स्टेशन पर पावर फेल हो गई। इससे दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया। कासिमपुर खेड़ी रेलवे स्टेशन पर 74021 पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया। बड़ौत रेलवे स्टेशन पर दिल्ली से हरिद्वार जाने वाले पैसेंजर ट्रेन बड़ौत रेलवे स्टेशन पर तीन घंटे तक खड़ी रही। ट्रेनों का आवागमन ठप होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। रेलवे स्टेशनों पर तीन घंटे तक यात्री ट्रेनों की इंतजार करते रहे। गर्मी में ट्रेनों में सवार बच्चों, महिलाओं का बुरा हाल रहा। दिल्ली से दूसरा इंजन मंगवा कर ट्रेन को वापस शामली रेलवे स्टेशन पर ले जाया गया। जिसके बाद रेल सेवा सुचारू हो सकी और यात्रियों ने राहत की सांस ली। बागपत रेलवे स्टेशन अधीक्षक सन्नी देवल ने बताया कि सीएनजी ट्रेन की पावर फेल होने से कई पैसेंजर ट्रेन अपने निर्धारित समय से तीन घंटे देरी से चली।
दिल्ली-शामली रेल मार्ग राम भरोसे यात्रा
बागपत। दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर आए दिन ट्रेनों का लेट होना आम बात हो गई। असामाजिक तत्व कहीं पर भी वैक्यूम काट कर ट्रेन रोक देते हैं। इस कारण रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यात्रियों ने कई बार रेलवे अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। समस्या का समाधान आज तक नहीं कराया गया। इस रेल मार्ग के यात्री राम भरोसे सफर करने को मजबूर हैं।