बिनौली (बागपत)। माल माजरा में तालाब की सफाई को लेकर चल रहे ग्रामीणों के धरने व अनशन को शनिवार को पहुंचे अधिकारियों ने दस दिन में कार्य शुरू कराने का आश्वासन देकर समाप्त कराया।
माल माजरा व जिवाना गुलियांन के ग्रामीण दोनों गांवो के संयुक्त तालाब की सफाई कराने की मांग को लेकर पिछले पांच दिनों से धरनारत हैं। तीन दिन से तीन ग्रामीण अनशन भी कर रहे थे, जिनमें से एक अजय की हालत शुक्रवार को बिगड़ गई थी। सूचना पर सुबह बिनौली सीएचसी से चिकित्सक डॉ. आकाश चौधरी, फार्र्मेसिस्ट राजीव कुमार व अजीत धामा आदि स्वास्थ्यकर्मियों की टीम अनशनरत ग्रामीणों की जांच करने पहुंची। स्वास्थ्य टीम ने अनशनकारियों की हालत बिगड़ने की रिपोर्ट अधिकारियों को दी। इसके बाद नायब तहसीलदार मोहम्मद नसीम, कानूनगो उमर मोहम्मद, लेखपाल गजेंद्र सिंह, कृष्णपाल शर्मा, बीडीओ वीपी द्विवेदी, एडीओ संजय कुमार, ग्राम सचिव रविंद्र यादव आदि का अमला ग्रामीणों के बीच पहुंचा। रालोद युवा जिलाध्यक्ष प्रमेंद्र तोमर, धीरज उज्ज्वल, अमित सोलंकी भी धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच तीन घंटे तक वार्ता चली। इस दौरान कई बार अधिकारियों व ग्रामीणों के बीच झड़प भी हुई। बीडीओ वीपी द्विवेदी ने दस दिन के अंदर तालाब सफाई का कार्य शुरू कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। उधर धरनारत ग्रामीणों ने जल्द कार्य शुरू न होने पर फिर धरना शुरू करने की चेतावनी दी। इस दौरान ग्राम प्रधान शैलेंद्र ठाकुर, आदित्य सोलंकी, सेंसरपाल, वीरसिंह, हरवीर, विषयपाल, देवेंद्र, सुभाष, बिजेंद्र, सुबोध, विपिन, सोमपाल, इब्राहिम, शोविंद्र, विनोद रहे।