बागपत। जिला अस्पताल की क्वालिटी मैनेजर को पद से हटाने के प्रकरण में सीएमओ के हस्तक्षेप के बाद समझौता हो गया है। सीएमएस ने उन्हें दोबारा पद पर रख लिया है। सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा का कहना है कि दोनों पक्षों की समस्याओं का निराकरण हो गया है। आम जन के हित में कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
जिला अस्पताल में क्वालिटी मैनेजर डॉ. नुपुर पर चिकित्सकों से गलत व्यवहार करने का आरोप लगाकर सीएमएस डॉ. बीएलएस कुशवाह ने पद से हटा दिया । इसके बाद डॉ. नुपुर ने अस्पताल के चिकित्सकों पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। पिछले दिनों नर्सिंग की छात्रा से हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना से बचने के लिए सीएमएस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है। शुक्रवार को डीएम ऋषिरेंद्र कुमार से मुलाकात कर डॉ. नुपुर ने मामले की शिकायत की ।
शनिवार को सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा ने जिला अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों और डॉ. नुपुर के बीच समझौता कराया। उन्होंने दोनों पक्षों को सुना और समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। सीएमओ ने डॉ. नुपुर से भी अस्पताल की व्यवस्थाओं को देखने और आम जन के हित में कार्य करने के लिए कहा। सीएमओ ने बताया कि डॉ. नुपुर ने जिला अस्पताल में फिर से मैनेजर पद पर कार्यभार संभाल लिया है। इस संबंध में सीएमएस डॉ. बीएलएस कुशवाह ने बताया कि डॉ. नुपुर को वापस क्वालिटी मैनेजर पद पर रख लिया है।