एलिवेटेड सडक़ शुरू होने से पहले ही 20 सोलर प्लेट चोरी की खबर से संबंधित फोटो। एलिवेटेड सडक़ पर च
- फोटो : kathua
बागपत/खेकड़ा।एलिवेटेड सड़क अभी तक शुरू भी नहीं हुई और उसपर लाइटों को जलाने के लिए लगाए गए पॉवर सिस्टम से सोलर प्लेट चोरी हो गई। बागपत-गाजियाबाद के बॉर्डर पर लगे पॉवर सिस्टम से करीब 20 सोलर प्लेट चोरी हुई हैं। निर्माण कंपनी ने पुलिस से इसकी शिकायत की, जिसपर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे के अक्षरधाम से खेकड़ा तक के हिस्से एलिवेटेड सडक़ का निर्माण 1323 करोड़ रुपये से कराया गया है। इसका निर्माण पूरा हो गया है, मगर इसे अभी तक शुरू नहीं किया गया है। यह एलिवेटेड सडक़ पूरी तरह से हाईटेक बनाई गई है और इसपर बिजली की जगह सोलर पॉवर सिस्टम से लाइटों को जलाया जाएगा।
इसके लिए ही जगह-जगह पॉवर प्लांट लगाए गए हैं और एक पॉवर प्लांट बागपत-गाजियाबाद के बॉर्डर पर लगा हुआ है। इसके लिए एलिवेटेड सड़क के दोनों तरफ ढ़ाई सौ से ज्यादा सोलर प्लेट लगाई हुई है जो वहां से चोरी की जा रही है। वहां से करीब बीस सोलर प्लेट चोरी कर ली गई है और उनके खाली फ्रेम छोड़ दिए गए हैं।
इसका पता चलने पर निर्माण कंपनी सीगल के अधिकारियों की तरफ से पुलिस के पास शिकायत की गई है। हालांकि शिकायत में कई प्लेट चोरी किए जाने की बात कही गई है, मगर मौके से करीब बीस प्लेट चोरी हो चुकी है।
पुलिस को शिकायत देने के बाद भी प्लेट लगातार चोरी हो रही है। वहीं पुलिस के अनुसार चोरी की शिकायत पर जांच की जा रही है और चोरी करने वालों का पता लगाकर पकड़ा जाएगा।