बागपत। शनिवार रातभर रुक-रुककर बारिश होती रही, जिससे यहां 20 मिमी बारिश रिकाॅर्ड की गई। बारिश के कारण शहरों समेत करीब 170 गांवों में बत्ती गुल हो गई और रविवार दिन में भी अधिकतर जगह आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। बारिश से सरसों व सब्जी की फसलों में भारी नुकसान हुआ। गेहूं की फसल भी कई जगह गिर गई, मगर बाली नहीं आने पर अभी नुकसान की कोई बात नहीं है।
यहां शुक्रवार रात को मौसम में बदलाव होने के बाद बारिश शुरू हो गई। उसके बाद शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे तो शाम को ओलावृष्टि हुई और उसके बाद भी रातभर रुक-रुककर कई बार में झमाझम बारिश हुई। यहां रविवार सुबह को मौसम साफ हुआ। मगर बारिश के कारण मौसम में ठंडक रही। यहां अधिकतम तापमान 23 डिग्री तो न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहा।
बारिश के कारण शनिवार शाम को ऊर्जा निगम की परेशानी बढ़ गई थी। शहरों में बिजली आपूर्ति शुरू हुई तो रात में हुई बारिश के बाद बागपत, बड़ौत, खेकड़ा समेत काफी गांवों में लाइनों में फाल्ट होने के कारण बत्ती गुल हो गई। शहरों के अलावा करीब 170 गांवों में बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी। ऊर्जा निगम के एसई केपी खान ने बताया कि फाल्टों को ठीक करने के लिए निगम के कर्मचारी रविवार को लगे रहे। शहरों में जरूर आपूर्ति शुरू हो गई, मगर गांवों में स्थिति काफी खराब रही।
- पानी निकासी न होने के कारण जलभराव, कीचड़ भी हुआ
बारिश के कारण बागपत, बड़ौत, खेकड़ा, अग्रवाल मंडी टटीरी में काफी जगह जलभराव व कीचड़ हो गया। लोगों को उन रास्तों से निकलने में परेशानी झेलनी पड़ी। बारिश से काफी गांवों के साथ ही रेलवे अंडर ब्रिज में जलभराव के कारण लोगों को समस्या से जूझना पड़ा। अधिकतर गांवों में पानी निकासी नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या बनी रही।
- सरसों व सब्जी की फसल में भारी नुकसान, बौर भी गिरा
वैज्ञानिक डाॅ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि तेज हवा के साथ ओलावृष्टि व बारिश से सरसों की फसल को काफी नुकसान हुआ है। आम का बौर भी गिर गया और सब्जी की फसल भी खेतों में पानी भरने से खराब हो जाएगी। रटौल, लहचोड़ा, गौना, विनयपुर, सिंगोली, शरफाबाद समेत अन्य गांवों में किसान सब्जी खीरा, लोकी व तोरई आदि की खेती करते हैं। इसके साथ ही रटौल क्षेत्र में आम के बाग भी काफी है। जहां बारिश व ओलावृष्टि से किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान झेलना पड़ा। अमीनगर सराय व बालैनी क्षेत्र में भी सब्जी की फसलों को काफी नुकसान हुआ।
- पुरा महादेव में एचटी लाइन पर बिजली गिरी
बालैनी। पुरा महादेव गांव में शनिवार को बिजली हाईटेंशन लाइन के तारों पर गिर गई। जिसके चलते काफी लोगों के विद्युत उपकरण फुंक गए। इसके अलावा पुरा महादेव बिजलीघर से लगे बुढ़सैनी, मतानतनगर, मवीखुर्द, हरियाखेड़ा, नंगला कांसापुट्ठी की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इन जगहों पर रविवार शाम तक भी आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी थी। जिससे ग्रामीणों के सामने पशुओं के चारे से लेकर पानी तक की समस्या हो गई।