खेकड़ा (बागपत)।
सीएचसी में स्वास्थ्य कर्मियों ने रोग से बचाव और उपचार के प्रति लोगों को जागरूक करने की शपथ ली। साथ ही शहर व क्षेत्र में मलेरिया से बचाव के लिए जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।
शहर में काठा मार्ग स्थित सीएचसी पर बृहस्पतिवार को विश्व मलेरिया जागरूकता दिवस मनाया। इसमें सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद मलिक ने स्वास्थ्य कर्मियों को मलेरिया से बचाव व उपचार के प्रति जागरूक किया और शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि एएनएम, आशा एवं स्वास्थ्य कर्मी घर-घर पहुंचकर लोगों को मलेरिया के प्रति जागरूक करेंगे। मलेरिया जांच हेतु चयनित ग्राम में स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है। मलेरिया में व्यक्ति को ज्यादा देर तक बुखार आता है और यह बुखार प्रतिदिन 3 से 4 घंटे तक रहता है। मलेरिया 10 से 12 दिन तक व्यक्ति को प्रभावित करता है। मलेरिया में तेज बुखार के साथ ठंड लगना, उल्टी, दस्त तेज पसीना आना तथा शरीर का तापमान 100 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बढ़ जाना, सिर दर्द, शरीर में जलन तथा मलेरिया होने के पश्चात रोगी का शरीर में कमजोरी महसूस होना आदि मलेरिया के लक्षण हैं।
उन्होंने बताया कि मच्छरों से बचाव के लिए घर और आस पास सफाई रखनी चाहिए। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। बाहर का भोजन कम करें, क्योंकि संक्रमित मच्छर खाने पर बैठते हैं और मलेरिया फैलाते हैं। सदैव पानी उबालकर पीना चाहिए। इससे मलेरिया जैसी बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है। इस दौरान डॉ. आमिर खान, डॉ. कार्तिका आनंद, डॉ दीप्ति मलिक, संजीव सांगवान, संदीप संधू, पंकज जोशी, आशेंद्र कुमार, अमित कुमार, नफीस खान, गौरव कुमार, मनोज कुमार, अभिषेक यादव आदि रहे।