सीडीओ को निरीक्षण में मिली अनियमितता, नोटिस जारी
बागपत। श्यामा प्रसाद मुखर्जी रू-अर्बन मिशन योजना के तहत कराए जा रहे सिलाना कलस्टर कार्यों में अनियमितता मिली हैं, जिसके बाद सीडीओ ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को नोटिस जारी किया। खामियों को दूर करने के लिए निर्देश दिए। चेतावनी दी लापरवाही किसी भी कीमत पर सहन नहीं होगी।
भारत सरकार से श्यामा प्रसाद मुखर्जी रू-अर्बन मिशन के तहत आठ गांवों का चयन किया गया था, जिसमें सिलाना को कलस्टर बनाया गया। यहां शहरी तर्ज पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सीडीओ पीसी जायसवाल ने इन गांवों में पहुंचकर विकास कार्यों का निरीक्षण किया, जिसमें काफी कमियां मिली थी। बरवाला गांव में निरीक्षण के दौरान जॉगिंग ट्रैक, बच्चा पार्क के अलावा अन्य स्थानों का निरीक्षण किया तो उसमें काफी कमियां मिली। ई-लाईब्रेरी व कंप्यूटर लैब में काफी अनियमितता मिली। शेरपुर, मुकंदपुर व हलालपुर गांव में प्रस्तावित जॉगिंग ट्रैक, बच्चा पार्क बनते नहीं दिखाई दिए। जांच में पंचायत की भूमि पर इसका निर्माण होता मिला है, जबकि स्कूल में निर्माण होना था। इसकी कोई जानकारी विभाग को नहीं दी गई। अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को नोटिस जारी किया था। अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग नीरज कुमार ने बताया कि सीडीओ को अपना स्पष्टीकरण दे दिया है। किसी भी तरह की अनियमितता नहीं बरती गई है।